जस्टिन विल्सन का दावा, मस्क ने बेटी के ट्रांजिशन पर निराशाजनक प्रतिक्रिया दी
टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क एक बार फिर अपनी बेटी विवियन जेना विल्सन के साथ रिश्तों को लेकर चर्चा में हैं। मस्क की पूर्व पत्नी जस्टिन विल्सन ने आरोप लगाया है कि बेटी के ट्रांसजेंडर होने की बात सामने आने के बाद मस्क ने उसका हेल्थ इंश्योरेंस बंद कर दिया था। जस्टिन ने यह दावा फिल्म निर्माता एलेक्स गिबनी की आगामी डॉक्यूमेंट्री ‘मस्क’ में किया है। जस्टिन विल्सन के मुताबिक, विवियन के ट्रांजिशन को लेकर मस्क की प्रतिक्रिया बेहद निराशाजनक थी। उन्होंने बताया कि मस्क ने उनसे बेटी तक यह संदेश पहुंचाने को कहा था कि वह उससे हमेशा प्यार करेंगे। हालांकि, जस्टिन का आरोप है कि इसके अगले ही दिन विवियन का स्वास्थ्य बीमा बंद कर दिया गया। जस्टिन ने यह भी कहा कि विवियन और उसके पिता के बीच तनाव काफी पहले शुरू हो गया था। उनके मुताबिक, मस्क की सार्वजनिक टिप्पणियों से बेटी को भावनात्मक तकलीफ पहुंची। मस्क ने पहले सोशल मीडिया पर अपनी बेटी से दूरियों को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके बाद दोनों के संबंधों पर सार्वजनिक बहस तेज हो गई थी। विवियन ने 2022 में कानूनी रूप से अपना नाम और लिंग बदलने की प्रक्रिया पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने अपने पिता का उपनाम छोड़कर अपनी मां का उपनाम अपनाया। दोनों के बीच रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण बताए जाते हैं। दूसरी ओर, एलन मस्क ने डॉक्यूमेंट्री में हिस्सा नहीं लिया है और इसे अपने खिलाफ बनाई गई फिल्म बताया है।



