सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने जबलपुर के मढ़ई कला गांव का दौरा किया
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया के मार्गदर्शन में सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने ग्राम मढ़ई कला का भ्रमण किया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा जागरूकता अभियान के तहत संचालित गतिविधियों एवं शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। इस दौरान श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, पंचों तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद कर योजनाओं के लाभ और स्थानीय स्तर पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली। सदस्य सचिव ने गांव के शासकीय माध्यमिक विद्यालय एवं हाई स्कूल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं और परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर को निर्देश दिए कि वे संबंधित शासकीय विभागों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करें।




