45वां जिला बना देवास
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण, देवास में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'बलराम कृषि महोत्सव' एवं जिला स्तरीय किसान मेले को संबोधित किया। मुख्यमंत्री यादव ने समस्त प्रदेशवासियों और अन्नदाताओं को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की पावन धरा पर कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में आयोजित यह महाअभियान अत्यंत सराहनीय है। मुख्यमंत्री यादव ने यह भी कहा कि माताजी की कृपा और शासन के कड़े निर्णयों से प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री यादव ने देवास के किसानों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिले के अन्नदाता उन्नत तकनीकों और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में कई उत्कृष्ट नवाचार कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप देवास पूरे प्रदेश में कृषि क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में उभर रहा है। इस अवसर पर अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए देवास प्रदेश का 45वां जिला बना है, जहां बलराम कृषि महोत्सव का भव्य आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गायत्री राजे पवार ने मुख्यमंत्री यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों और देवास मंडी व्यवस्था को अभूतपूर्व संबल प्रदान किया है। किसान मेले का मुख्य उद्देश्य कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, प्राकृतिक व जैविक खेती तथा श्रीअन्न (मिलेट मिशन) को बढ़ावा देना रहा। मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने रबी सीजन के दृष्टिगत कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों जैसे गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों की प्रमाणित किस्मों पर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। मंडी प्रांगण में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणालियों और कृषि नवाचारों की एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई। समारोह के दौरान देवास जिले के प्रगतिशील किसानों ने अपने नवाचारों के अनुभव साझा किए। देवास विकासखण्ड के ग्राम छोटी चुरलाय निवासी कृषक धर्मेन्द्र सिंह राजपूत ने प्राकृतिक और आधुनिक खेती के समन्वय से मॉडल फार्मिंग और आय वृद्धि के बारे में बताया। ग्राम कनोरिया की पवित्रा नागर ने प्राकृतिक खेती के तरीकों और उसके परिणामों पर चर्चा की। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।




