भोपाल की 43 वर्षीय महिला को ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर ठगों ने ठगे 25 लाख रुपये, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल की 43 वर्षीय एक महिला ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का शिकार हुई है। ठगों ने प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और एक बड़े उद्योगपति के नाम का इस्तेमाल कर महिला को विश्वास में लिया और उससे करीब 25 लाख रुपये ठग लिए। यह मामला भोपाल के कोलार इलाके का है, जहां ज्योति कोरी नाम की महिला ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद, पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को कोलार थाने को जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, ज्योति कोरी को 29 जून को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया और शेयर बाजार में भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। शुरुआत में, ठगों ने रजिस्ट्रेशन के लिए 20,000 रुपये और फिर अकाउंट एक्टिवेट करने के लिए 20,000 रुपये लिए। अगले दिन, महिला ने ट्रेडिंग के लिए 50,000 रुपये और 30,000 रुपये भी जमा करा दिए। इस तरह, ठगों ने अलग-अलग बहानों से पैसे ऐंठने का सिलसिला जारी रखा और कुल 25 लाख रुपये की ठगी की।




