आदिवासियों के उजड़ने पर सियासत तेज
सीहोर के कोसमी गांव में रविवार दोपहर 2 बजे वन विकास निगम ने आदिवासी परिवारों के 12 मकान तोड़ दिए और फसलें कुचल दीं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे तो महिलाएं रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में जुल्म और अन्याय की हद हो गई है, जहां सुबह बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीखें सुनाई दे रही हैं। शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन कर प्रभावितों के लिए नए घर बनवाने और स्थायी व्यवस्था होने तक खाने-पीने का इंतजाम करने को कहा। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन पर जानकारी दी।




